गणेश जी को समर्पित है बुधवार, आस्था और विश्वास के साथ करें यह काम, होती है धनलक्ष्मी की प्राप्ति

हिन्दू धर्म, धर्मों में ऐसा इकलौता धर्म है जहाँ सप्ताह के सातों दिन किसी न किसी भगवान के नाम पर समर्पित हैं। जैसे सोमवार भगवान शिव, मंगलवार भगवान हनुमान, बुधवार भगवान गणेशजी, शनिवार शनिदेव, रविवार सूर्यदेव, शुक्रवार माता के नौ रूपों के लिए है। आज बुधवार का दिन भगवान गणेश जी को समर्पित है। गणेश जी स्वयं रिद्धि-सिद्धि के दाता और शुभ-लाभ के प्रदाता हैं। ऐसा कहा जाता है कि श्रद्धापूर्वक गणेश जी का व्रत और पूजा करने से भक्तों के सभी संकट दूर हो जाते हैं और उनकी समस्त इच्छाओं की पूर्ति होती है। हिंदू धर्म में किए जाने वाले किसी भी धार्मिक अनुष्ठान या पूजा-पाठ में सबसे पहले भगवान गणेश जी का पूजन किया जाता है। इनके बिना कोई भी पूजा अधूरी मानी जाती है। बुधवार के दिन पूजा-पाठ और व्रत आदि के अलावा कुछ उपायों की मदद से विघ्नहर्ता गणेश जी प्रसन्न किया जा सकता है और उनकी कृपा प्राप्त होती है। इतना ही नहीं, कहते हैं कि गणेश जी की कृपा से जीवन के समस्त दुखों से छुटकारा मिलता है कोई व्यक्ति किसी बीमारी, दरिद्रता या संकट से जूझ रहा है, तो सच्चे मन से गणेश जी की पूजा अर्चना करने से उसे इन सभी समस्याओं से मुक्ति मिलती है। इसके अलावा बुधवार के दिन किए गए कुछ उपाय आपको जीवन में आने वाली कई समस्याओं से छुटकारा दिला सकते हैं।

कर्ज में डूबे हैं तो करें यह काम
यदि आप कर्ज में डूबे हुए हैं तो बुधवार के दिन सवा पाव मूंग उबाले, फिर उसमें घी व शक्कर मिलाएं और गाय को खिलाएं। ऐसा करने से आपको कर्ज से मुक्ति मिलेगी। बुधवार के दिन भगवान गणेश जी प्रसन्न करने के लिए पूजा करते समय उन्हें हरी दूर्वा जरूर चढ़ाएं। यह काफी शुभ मानी जाती है।


गाय को खिलाएँ हरा चारा
यदि आप जीवन में कुछ समस्याओं से जूझ रहे हैं तो बुधवार के दिन गाय को हरा चारा खिलाना भी काफी शुभ और लाभकारी माना जाता है। इसलिए कोशिश करें इस दिन गाय को हरा चारा जरूर खिलाएं।


व्रत रखने पर लगाएँ हलवे का भोग
बुधवार के दिन भोजन के रूप में मूंग की दाल की पंजीरी या हलवा का भोग लगाकर उसके प्रसाद के तौर पर वितरित किया जाता है। इसके बाद शाम को व्रती स्वयं यह प्रसाद लेकर व्रत खोलता है।

सिंदूर अर्पित करें
बुधवार के दिन जीवन की समस्त बाधाओं और चुनौतियों से छुटकारा पाने के लिए भगवान गणेश को सिंदूर अर्पित करें। ऐसा करने से सभी बाधाओं से छुटकारा मिलता है।


मंदिर में लगाएँ गुड़ का भोग

मान्यता है कि भगवान गणेश जी के मंदिर जाकर उनकी पूजा आदि करने से जीवन में समृद्धि की प्राप्ति होती है। इस दिन गणेश जी के मंदिर में भगवान को गुड़ का भोग लगाएं। ऐसा करने से गणेश जी सभी इच्छाएं पूर्ण करते हैं।


करें गणेश रूद्राक्ष धारण, चढ़ाये दूर्वा की ग्यारह गांठें
करियर या बिजनेस में आने वाली बाधाओं से छुटकारा पाने के लिए गणेश रुद्राक्ष धारण करने से लाभ होगा। बुधवार के दिन गणेश मंदिर में दूर्वा की ग्यारह गांठें चढ़ाने से गणेश जी प्रसन्न होते हैं और बुध दोष समाप्त हो जाते हैं।


करें श्री विष्णु सहस्रनाम स्तोत्र का जाप
कहते हैं कि बुधवार के दिन सुबह के समय श्री विष्णु सहस्रनाम स्तोत्र का जाप करने से बुध दोष खत्म होता है। इस दिन हरा रंग धारण करने से जीवन में समृद्धि प्राप्त करने में मदद मिलती है।

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2024 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team