इन परेशानियों से होना है मुक्त तो करें गणेशजी को प्रसन्न, बुधवार का दिन है विशेष
            Astrology Articles   I   Posted on 29-09-2021  ,11:57:42   I  by: 
            
            
            धर्मशास्त्रों में गणेशजी को विघ्नहर्ता कहा जाता है। विघ्नहर्ता अर्थात्  जिन्दगी में आने वाली रुकावटों से जो मुक्त करे। गणेशजी की पूजा अर्चना से  आम जिन्दगी की गई समस्याओं का अन्त होता है, ऐसा कहा जाता है। भगवान गणेश  स्वयं रिद्धि सिद्धि के दाता और शुभ लाभ के प्रदाता हैं। सनातन हिन्दू  संस्कृति में श्री गणेशजी प्रथम पूज्य देव होने के साथ ही बुद्धि के देवता  भी माने जाते हैं। वहीं सप्ताह में गणेशजी का विशेष दिन बुधवार माना जाता  है, जो कि आज है। अत: शास्त्रों में भी बुधवार का दिन गजानन्द की पूजा के  लिए विशेष माना जाता है। गणेशजी के बारे में कहा जाता है कि वे भक्तों की  बाधा, संकट, रोग-दोष तथा दरिद्रता को दूर करते हैं।
गणेशजी की विशेष  पूजा का दिन बुधवार है। इस दिन भगवान की पूजा सच्चे मन से करने से सभी  मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। अगर आपकी कुंडली में बुध ग्रह अशुभ स्थिति में  है तो इस दिन पूजा करने से वह भी शांत हो जाता है। इसके अलावा मिथुन व  कन्या राशि (जन्म कुंडली के अनुसार) वाले जातकों के स्वामी बुध होते हैं और  बुध के देवता गणेशजी हैं। अत: इस राशि वाले जातकों को भी हमेशा गणेशजी की  पूजा करनी चाहिए।
आज हम आपको कुछ ऐसे उपाय बता रहे हैं जिनको करने से गजानन्द महाराज की कृपा बनी रहती है और घर-परिवार में सुख समृद्धि आती है। 
संतान प्राप्ति के लिए
बुधवार का दिन गणपति बप्पा का माना जाता  है। ऐसे में इस दिन सुबह जल्दी उठकर साफ कपड़े पहनें। अब पूजा स्थल में लाल  या पीला आसन बिछाकर पूर्व दिशा की तरफ मुंह करके बैठे। अब दीपक जलाकर  गणपति को फूल, फल आदि पूजा का सामान अर्पित करें। इसके बाद संतान गणपति  स्तोत्र का पाठ करके 108 बार उमापुत्राय नम: मंत्र का जाप करें। पूजा  समाप्त होने पर फलों को काटकर बच्चों को बांट दें। इस तरह गणेश जी की पूजा  हर बुधवार को करें। बप्पा की कृपा होने पर गणपति जी को 108 लड्डू का भोग  लगाएं। फिर इन लड्डूओं को गरीब, बेसहारा व जरूरतमंद बच्चों को बांट दें।
मनचाहा साथी पाने के लिए 
किसी  भी महीने में शुक्लपक्ष के बुधवार की शाम को सिंदूर से गणेशजी का श्रृंगार  करें। फिर उनके सामने घी का दीपक जलाकर पीले रंग चढ़ाएं। साथ ही 11-11  पीले फूल और मोदक अर्पित करें। उसके बाद पीले रंग के आसन पर बैठ जाएं और 3  माला विघ्नहत्र्रे नम: मंत्र का जप करें।
अपना घर बनाने की इच्छा
बुधवार  की सुबह घर के पूजा स्थल मंदिर में जाकर गणेशजी को लाल गुलाब से बनी फूलों  की माला चढ़ाएं। उसके बाद लाल रंग के फल, वस्त्र और तांबे का एक सिक्का  गणेश जी को अर्पित करें। अब 5 माला सर्वसौख्यप्रदाय नम: मंत्र का जप करें।  इस बात का ध्यान रखें कि आपको जाप रुद्राक्ष या लाल चंदन की माला से ही  करना है। इसके बाद एक सिक्का लाल रंग के कपड़े में बांधकर अपने पास रख लें।  इससे आप पर जल्दी ही गजपति की कृपा होगी।
आर्थिक परेशानी दूर होगी
आर्थिक  स्थिति से परेशान लोग बुधवार के दिन सुबह स्नान करके गणेश जी की पूजा  करें। गणेशजी के मस्तक पर तिलक लगाएं। उसके बाद उसी तिलक को अपने माथे पर  लगा लें। लगातार हर बुधवार को यह उपाय करने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इन बातों का रखें ध्यान
- भगवान गणेश जी की कृपा पाने के लिए पूजा के दिनों में सात्विक भोजन खाएं।
- मन में किसी के लिए भी कोई बुरा विचार ना लाएं।
- घर का माहौल सकारात्मक व खुशनुमा रखें।
-  गणेशजी की पूजा के लिए दीप, चावल, दूर्वा, रोली, मोली, जल का पात्र व  मोदक, गणपति स्तोत्र की पुस्तक, लड्डू, लाल या पीले रंग का आसन आदि पहले से  लाकर रखें।
नोट—दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर  आधारित हैं। खास खबर डॉट कॉम इनकी पुष्टि नहीं करता है। इन पर अमल करने से  पहले धर्मगुरुओं से संपर्क जरूर करें।