धनतेरस के दिन चीजें खरीदते वक्त बरतें ये सावधानियां

धनतेरस महापर्व दीवाली की शुरुआत का प्रतीक है। इस दिन हर कोई अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीददारी करता है। धनतेरस का दिन खरीददारी के लिए बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन लोग अपने घर के लिए नया सामान जोड़ते हैं।

मान्यता है कि इस दिन खरीदा गया सामान कभी खराब नहीं होता और बेहद शुभ होता है, फिर भी धनतेरस के दिन कुछ चीजों को जरूर खरीदना चाहिए। वहीं, मान्यताओं के अनुसार इस दिन कुछ चीजों को खरीदने से बचना चाहिए। इसके साथ ही धनतेरस के दिन कुछ सावधानियां भी बरतनी चाहिए।

धनतेरस के दिन यह खरीदें -

- आमतौर पर लोग इस दिन सोने-चांदी के आभूषण खरीदते हैं, लेकिन यह जरूर नहीं कि आपकी जेब भी इसकी अनुमति दे ऐसे में आप सोने या चांदी का सिक्का खरीद सकते हैं।

- धनतेरस के दिन धन के देवता कुबेर की पूजा की जाती है और उन्हें चांदी अतिप्रिय है। ऐसे में इस दिन चांदी खरीदना अच्छा माना जाता है। कहते हैं कि धनतेरस के मौके पर चांदी खरीदने से यश, कीर्ति और ऐश्वर्य की वृद्धि होती है। यही नहीं चांदी को चंद्रमा का प्रतीक भी माना जाता है, जो मनुष्य के जीवन में शीतलता लेकर आती है।

- इस दिन धातु के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। विशेषकर चांदी और पीतल को भगवान धन्वंतरी का मुख्य धातु माना जाता है। ऐसे में इस दिन चांदी या पीतल के बर्तन जरूर खरीदने चाहिए।

- मान्यता है कि भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन के दौरान हाथ में कलश लेकर जन्मे थे, इसलिए धनतेरस के दिन पानी भरने वाला बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है।

- इस दिन व्यापारी नए बही-खाते खरीदते हैं, जिनकी पूजा दीपावली के मौके पर की जाती है।

- इस दिन गणेश और लक्ष्मी की अलग-अलग मूर्तियां जरूर खरीदें। दीपावली के दिन इन मूर्तियों की पूजा का विधान है।

- इस दिन खील-बताशे और मिट्टी के छोटे दीपक खरीदें. एक बड़ा दीपक भी खरीदें।

- इस दिन लक्ष्मीजी का श्री यंत्र खरीदना भी शुभ माना जाता है।

- इसके अलावा आप अपनी घर की जरूरत का दूसरा सामान जैसे कि फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर-ग्राइंडर, डिनर सेट और फर्नीचर भी ले सकते हैं।

- इस दिन वाहन खरीदना शुभ होता है, लेकिन मान्यताओं के मुताबिक राहु काल में वाहन नहीं खरीदना चाहिए।

- मान्यता है कि मां लक्ष्मी को कौडिय़ां अतिप्रिय हैं, इसलिए धनतेरस के दिन कौडिय़ां खरीदकर रखें और शाम के समय इनकी पूजा करें। दीपावली के बाद इन कौडिय़ों को अपने घर की तिजोरी में रखें। मान्यता है कि ऐसा करने से धन-धान्य की कमी नहीं रहती।

- मां लक्ष्मी को धनिया अतिप्रिय है. धनतेरस के दिन धनिया के बीज जरूर खरीदने चाहिए। मान्यता है कि जिस घर में धनिया के बीज रहते हैं वहां कभी धन की कमी नहीं रहती। दीपावली के बाद धनिया के इन बीजों को घर के आंगन में लगाना चाहिए।

- धनतेरस के दिन नया झाड़ू खरीदना चाहिए। मान्यता है कि झाड़ू दरिद्रता को दूर करता है, कहते हैं कि लक्ष्मी स्वच्छ घर में ही निवास करती हैं और झाड़ू सफाई करने का सर्वोत्तम साधन है।

धनतेरस के दिन यह नहीं खरीदें -

- मान्यताओं के मुताबिक धनतेरस के दिन कांच का सामान नहीं खरीदना चाहिए।

- धनतेरस पर लोहे से बनी चीजें नहीं खरीदनी चाहिए।

- हिन्दू धर्म में काले रंग को शुभ नहीं माना जाता है, ऐसे में कहा जाता है कि धनतेरस के दिन काले रंग की चीजें नहीं खरीदनी चाहिए।

- इस दिन नुकीली चीजें जैसे कि कैंची और चाकू नहीं खरीदना चाहिए।

धनतेरस के दिन बरते सावधानियां -


- धनतेरस से पहले घर की साफ-सफाई का काम पूरा कर लें। धनतेरस के दिन स्वच्छ घर में ही भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और मां कुबेर का स्वागत करें।

- धनतेरस के दिन बर्तन खरीदने के बाद घर लाते समय उसे खाली न लाएं और उसमें कुछ मीठा जरूर डालें। अगर बर्तन छोटा हो या गहरा न हो तो उसके साथ मीठा लेकर आएं।

- धनतेरस के दिन तिजोरी में अक्षत रखे जाते हैं। ध्यान रहे कि अक्षत खंडित न हों यानी कि टूटे हुए अक्षत नहीं रखने चाहिए।

- इस दिन उधार लेना या उधार देना सही नहीं माना जाता है।

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2026 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team

Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0