यह उपाय करने से होंगे शनिदेव प्रसन्न

सप्ताह में 7 दिन होते हैं और सातों ही दिन हिन्दू धर्म में किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित हैं। इन सात दिनों में शामिल है शनिवार जो शनि देव का दिन माना जाता है। शनिवार को शनि देव की पूजा अर्चना की जाती है। श्रद्धालुओं द्वारा शनिवार के दिन शनि मंदिर में दीप-धूप, तेल इत्यादि अर्पित किए जाते हैं। ज्ञातव्य है कि शनि देव को न्याय का देवता कहा जाता है। कहते हैं शनि देव अच्छों के साथ अच्छा और बुरों के साथ बुरा बर्ताव करते हैं। यदि आप का शनि सही नहीं है या फिर आप समस्याओं का सामना कर रहे हैं तो शनिवार के दिन भगवान शनि की पूजा करें। आप शनि देव को प्रसन्न करने के लिए इन बातों का उपाय कर सकते हैं।

शनिदेव की नियमानुसार पूजा और व्रत करने से शनिदेव की कृपा होती है और सारे दुख खत्म हो जाते हैं। वहीं अगर शनिदेव नाराज हो जाते हैं तो मनुष्य पर कई तरह के संकट आते हैं। बहुत से ऐसे लोग हैं जिनका बना हुआ काम बिगड़ जाता है।

खासकर शनिवार को तो कुछ न कुछ नुकसान जरूर होता है। अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा ही होता है, तो आपको शनि को शांत करने के लिए कुछ उपाय करने के साथ विशेष पूजन विधि से शनिदेव को प्रसन्न करने का प्रयास करना चाहिए।

आज हम अपने पाठकों को कुछ ऐसे उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं जो शनिवार के दिए किए जाते हैं। यह उपाय शनि देव को प्रसन्न करने का काम करेंगे और आने वाले कष्टों का अन्त करने में सहायक होंगे।

शनिवार को करें शिव पूजा
शुभ फलों की प्राप्ति के लिए शनिवार के दिन भगवान शिव की पूजा अवश्य करें। इस दिन जल में काले तिल मिलाकर शिवलिंग पर अर्पित करें। इसके बाद शिव पंचाक्षर मंत्र ऊँ नम: शिवाय का जाप करें। भगवान शिव की पूजा के बाद शनि देव की भी पूजा करें। इस दिन शिव चालीसा और शनि चालीसा दोनों का पाठ करें।

दान करें काले रंग की वस्तु
यदि शनि के दुष्प्रभाव से पीडि़त हों, तो शनिवार के दिन उड़द की दाल, काले रंग के जूते, काले तिल, उड़द की खिचड़ी, छाता और कंबल आदि का दान करें। इससे शनि दोष दूर होता है।

पीपल का उपाय
यदि आपके बिजनेस में घाटा हो रहा है या कोर्ट कचहरी की उलझनों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो शनिवार के दिन पीपल के 11 पत्ते लें और इनकी एक माला बना लें। इसके बाद ये माला शनि मंदिर में अर्पित कर दें। माला अर्पित करते समय ऊँ श्रीं ह्रीं शं शनैश्चराय नम: मंत्र का लगातार जाप करते रहें। ऐसा करने से आपको जल्द लाभ मिलेगा। मानसिक शांति के लिए शनिवार के दिन पीपल की जड़ में जल और दूध अर्पित करें। साथ ही 5 मिठाईयां अर्पित करें। पीपल के वृक्ष की पूजा के बाद उसके नीचे बैठकर सुंदरकांड का पाठ करें और फिर उसकी 7 बार परिक्रमा करें।

काले तिल का उपाय
यदि दाम्पत्य जीवन रोज झगड़े की स्थिति पैदा हो रही है और खुशियां गायब हो रही हैं तो शनिवार के दिन काले तिल पीपल के पेड़ के पास चढ़ाने चाहिए। ऐसा करने से आपके दाम्पत्य जीवन में खुशियां आएंगी।

लोबान जलाएं, दूर होगी नकारात्मकता
ऐसा कहा जाता है कि शनिदेव को लोबान अति प्रिय है। इससे शनिदेव प्रसन्न होते हैं और घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है। शनिवार के दिन रात के समय लोबान जलाएं। लोबान में लोहा होता है इसे जलाने से एक खास गंध निकलती है, इस गंध से घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है।

शनि मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं
शनिदेव की महादशा से बचने के लिए शनिवार की शाम को सूर्यास्त के बाद शनि मंदिर में जाकर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। दीपक में काले तिल के कुछ दाने अवश्य डालें। ऐसा करने से भगवान शनिदेव प्रसन्न होते हैं।

कुत्ते की सेवा
मान्यता है कि शनिवार के दिन कुत्ते की सेवा करने से भी भगवान शनिदेव प्रसन्न होते हैं। इसलिए शनिवार के दिन काले रंग के कुत्ते को सरसों के तेल से चुपड़ी हुई रोटी खिलानी चाहिए। इससे मनुष्य की कुंडली में मौजूद राहु-केतु दोष भी समाप्त होते हैं।

कोयले का उपाय
यदि आप नौकरी की तलाश में हैं या व्यवसाय में बढ़ोतरी की मनोकामना कर रहे हैं, तो शनिवार के दिन एक काला कोयला लाएं और उसे बहते जल में प्रवाहित कर दें। साथ ही शं शनैश्चराय नम: मंत्र का जाप करें।

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2026 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team

Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0