ग्रहों के चाल बदलने से बढ़ेगी महंगाई, मौसम में होगा अचानक बदलाव

2 मई को शुक्र के राशि परिवर्तन के बाद अब 10 तारीख को मंगल राशि बदलेगा। इसके 3 दिन बाद ही सूर्य भी अपनी उच्च राशि से निकलकर वृष में आ जाएगा। वहीं, बुध भी मेष राशि में अस्त होकर वक्री चल रहा है। जो कि 15 मई को मार्गी यानी सीधी चाल से चलने लगेगा और 16 को उदय हो जाएगा।

इन ग्रहों की चाल में बदलाव होने से कई चीजों के दाम बढ़ सकते हैं। लेन-देन और निवेश में नई संभावनाएं मिलेंगी। वहीं, मौसम में भी अचानक बदलाव होने के योग हैं। देश में कई जगहों पर अचानक बारिश हो सकती है। इसके बाद अचानक गर्मी बढ़ सकती है।

मिथुन राशि में शुक्र के आने से मौसम में बदलाव आने लगेगा। कृषि और व्यापार की स्थिति भी धीरे-धीरे बेहतर होती जाएगी। इसके शुभ प्रभाव से सुख, फायदा और इनकम बढ़ेगी। ये ग्रह भौतिक सुख-सुविधाओं के साथ ही विलासिता भी देता है। इस ग्रह के प्रभाव से कपड़ा मार्केट में खरीदारी बढऩे के योग हैं।

10 मई को ग्रहों के सेनापति मंगल राशि बदलकर कर्क में प्रवेश करेंगे। जो कि इनकी नीच राशि है। मंगल और शनि का षडाष्टक योग बनने से दुर्घटनाएं और हिंसा बढ़ सकती हैं। कई जगहों पर प्रदर्शन भी होंगे। देश की सेनाओं और सुरक्षा बलों से जुड़ी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। जनता में सरकार के प्रति क्रोध रहेगा। मंहगाई कम होने के कोई आसार नहीं हैं। कर्ज के मामलों में भी लोगों को राहत नहीं मिल पाएगी।

सूर्य 15 मई को वृष में पहुंचने पर शनि की वक्र दृष्टि से मुक्त हो जाएगा। जिससे सूर्य का शुभ फल मिलने लगेगा। हालांकि सूर्य अपनी शत्रु राशि में रहेगा, लेकिन इतना अशुभ फल नहीं देगा। सूर्य के राशि बदलने से मौसम में बड़े उतार-चढ़ाव होंगे। साथ ही प्रशासनिक फेरबदल होने की भी संभावना रहेगी। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए ये समय अहम रहेगा, क्योंकि बड़े बदलाव होने की संभावना बन रही है।

बुध बीती 21 अप्रैल से वक्री यानी टेढ़ी चाल से चल रहा है और 24 अप्रैल से अब तक अस्त भी है। लेकिन 15 और 16 मई को इसकी स्थिति में बदलाव होगा। जिससे शेयर और स्टॉक मार्केट में और मजबूती आएगी। अनाज और फसलों के भाव बढऩे की संभावना बन रही है। बुध के चाल बदलते ही लेनदेन और निवेश बढ़ेगा।

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2024 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team