आज से शुरू होंगे गुप्त नवरात्र, सर्वार्थसिद्धि और रवियोग में खरीदारी शुभ

आज से गुप्त नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नौ दिनों तक चलने वाले देवी आराधना के दिनों के मध्य में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर बसंती पंचमी है। बसंती पंचमी को माँ सरस्वती की पूजा अर्चना की जाती है। लोक परंपराओं के मुताबिक यह शादियों के लिए अबूझ मुहूर्त होता है। इसलिए इस दिन बहुत शादियाँ रहेंगी। इन पर्व उत्सवों के दौरान देवगुरु बृहस्पति अपनी राशि में होंगे और शुक अपनी मित्र राशियों में रहेगा। इस साल ये दोनों ही ग्रह अस्त नहीं हैं। जिससे शुभ कामों के मुहूर्त में रुकावट नहीं होगी।

आज से माघ के गुप्त नवरात्र शुरू होंगे। खास बात ये है कि इस बार तिथियों की घट-बढ़ नहीं रहेगी। जिससे नवरात्र पूरे नौ दिनों के ही रहेंगे। इसे अखंड नवरात्रि भी कहते हैं। पंडितों का मत है कि ये शुभ संयोग है, जो मंगलकारी रहेगा। इन योगों में की गई पूजा, दान-पुण्य और खरीद-फरोख्त विशेष फलदायी व समृद्धिकारक रहेगी।

साल में आने वाली दोनों गुप्त नवरात्रि अपने आप में सिद्ध होती हैं। यानी इन दिनों में किए गए काम, पूजा-पाठ, खरीदारी और नई शुरुआत करने से सफलता मिलती है। इन तिथियों में चंद्रमा की कलाएं बढ़ती हैं। चंद्रमा मन का स्वामी होता है। इसलिए इन नौ दिनों में पूरे उत्साह और अच्छे मन के साथ किए गए काम पूरे होते हैं।

अखंड नवरात्र होना शुभ
यह ऐसा विशेष समय होता है जब गृहस्थ और साधक कम समय में अपनी इच्छा अनुसार सिद्धि प्राप्त कर सकते हैं। इन दिनों मां दुर्गा की पूजा-उपासना की जाती है। यह नवरात्र तंत्र विद्या सीखने वाले और मंत्रों की सिद्धि चाहने वालों के लिए खास होती है। इस साल गुप्त नवरात्र पूरे नौ दिन की है। यानी अखंड नवरात्र जल्दी सफलता देने वाले माने गए हैं। गुप्त नवरात्रि में 10 महाविद्याओं की पूजा की जाती है। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि गुप्त नवरात्र में प्रलय एवं संहार के देवी-देवता रूद्र और मां काली की भी पूजा की जाती है।

गुप्त नवरात्र के दौरान 23 तारीख को व्हीकल खरीदी का विशेष मुहूर्त है। वहीं, 24, 25, 26, 27, 30 जनवरी को रवियोग रहेगा। वहीं, इन दिनों में 26 और 27 को सर्वार्थसिद्धि योग के साथ प्रॉपर्टी और व्हीकल खरीदारी का विशेष मुहूर्त भी रहेगा। इस तरह इन दिनों ज्वैलरी, वाहन, भूमि और भवन आदि की खरीद-फरोख्त करना फायदेमंद होगा।

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2026 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team

Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0