मां डाट काली मंदिर में पीएम मोदी के आगमन की तैयारी शुरू, रंग-रोगन से लेकर विशेष पूजा का विशेष इंतजाम

देहरादून । दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारियों के लिए भव्य कार्यक्रम रखा गया है। पीएम नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले मां डाट काली मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर प्रबंधन ने पीएम के आगमन की तैयारी शुरू कर दी है और उनके लिए गर्भगृह में पूजा की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। मां डाट काली मंदिर के महंत संयम गोस्वामी ने पीएम मोदी के आगमन पर खुशी जाहिर करते हुए आईएएनएस से कहा, "यह हमारे लिए प्रसन्नता की बात है कि पहली बार मंदिर में पीएम मोदी दर्शन के लिए आ रहे हैं और उनके आगमन को देखते हुए ही तैयारियां की जा रही हैं। उनके पास समय बहुत कम होगा, तो उसी के अनुसार पूजा की तैयारी की गई है। पहले वे गर्भगृह में आकर पूजा करेंगे और मंदिर की परिक्रमा करेंगे और फिर परिवार वालों से मिलकर उद्घाटन के लिए चले जाएंगे। उनके पास 10-15 मिनट का ही समय होगा।" मंदिर के इतिहास के बारे में बताते हुए मंहत ने कहा कि मां डाट काली मंदिर का इतिहास सड़क से जुड़ा है। साल 1804 में जब अंग्रेज दिल्ली से देहरादून के लिए रास्ता बना रहे थे, तब उनके इंजीनियर्स एक गुफा का निर्माण भी कर रहे थे। वे जब भी गुफा का निर्माण करते थे तो अगली सुबह गुफा टूटकर मलबे में तब्दील हो जाती थी। तब एक भारतीय इंजीनियर को मां ने सपने में दर्शन दिए और पहले मलबे में माता रानी के स्वरूप पिंडी को निकालकर स्थापित करने के लिए कहा। फिर मंदिर की स्थापना हुई थी। उन्होंने आगे कहा कि मंदिर के लिए मंत्री नितिन गडकरी से एक यू-टर्न बनाने की बात कही गई और उन्होंने इस परियोजना के लिए भी हरी झंडी दे दी है और जल्द ही उसका भी काम शुरू होगा। महंत ने इस कार्य के लिए पीएम मोदी और नितिन गडकरी को दिल से धन्यवाद दिया और दिल्ली-देहरादून रोड के लिए भी शुभकामनाएं दीं। बता दें कि मां डाट काली मंदिर वाहनों की सुरक्षा के लिए प्रसिद्ध है। लोग नए वाहन लाकर इसी मंदिर में पूजा करवाते हैं, और माना जाता है कि मां का आशीर्वाद लेने के बाद वाहन और वाहन चलाने वाला व्यक्ति सुरक्षित रहता है।

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2026 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team