भस्म आरती में बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन से भावविभोर हुए भक्त, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि यानी गुरुवार की सुबह विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में दिव्य भस्म आरती की गई। इस अलौकिक दर्शन को पाने के लिए हजारों श्रद्धालु गुरुवार तड़के से ही मंदिर परिसर में उमड़ पड़े। पूरा परिसर जय श्री महाकाल के जयघोष से गूंज उठा। गुरुवार तड़के भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। मंदिर परिसर घंटियों, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। पुजारियों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। पूजा के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर की आरती के बाद बाबा महाकाल ने मुकुट धारण किया। इसके बाद झांझ, मंजीरे, ढोल, नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्म आरती की गई। उज्जैन के राजा बाबा महाकाल का आज का श्रृंगार मन को मोह लेने वाला था। गर्भगृह में विराजमान ज्योतिर्लिंग पर भस्म और चंदन से त्रिपुंड सजाया गया। मस्तक पर चमकता त्रिपुंड, लाल नेत्र और मुख पर दिव्य तेज बाबा के रौद्र और सौम्य दोनों स्वरूपों का दर्शन करा रहा था। बाबा के मस्तक पर चांदी का चंद्रमा और त्रिशूल शोभायमान था। गले में रुद्राक्ष और चांदी का हार तथा सिर पर सुंदर पुष्पों का मुकुट बाबा की आभा को और बढ़ा रहा था। आज बाबा को लाल गुलाब, सफेद और गुलाबी कमल के फूलों की मनमोहक मालाएं अर्पित की गईं। बाबा के समक्ष मिष्ठान और फलों का भोग लगाया गया। परंपरा के अनुसार महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की जाती है। मान्यता है कि भस्म अर्पित किए जाने के बाद बाबा महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। यही कारण है कि भस्म आरती का दर्शन अत्यंत दुर्लभ और पुण्यदायी माना जाता है।

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2026 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team

Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0